सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में चार अलग-अलग थानों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए मुकदमों में वांछित व वारंटी चल रहे चार आरोपियों को दबोचकर न्यायालय भेज दिया।
रेउसा पुलिस ने हत्या के प्रयास व अन्य गंभीर धाराओं में वांछित उमेश निवासी बदलीपुरवा को गिरफ्तार किया। वहीं, कोतवाली नगर पुलिस ने नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध में वांछित आशीष कुमार त्रिवेदी निवासी खेरिया मिश्र, लखीमपुर खीरीको पाक्सो एक्ट व संबंधित धाराओं के तहत पकड़ा।
इसके अलावा मछरेहटा पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त राजेश कुमार निवासी रमुवापुर मजरा हेतपुर को दबोचा। रामपुर कलां पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर मदारपुर निवासी मोहन को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार अपराधियों के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


0 टिप्पणियाँ